त्रिपुरा के सीएम बिप्लब देव ने दिया हैरान करने वाला बयान, कहा- अमित शाह की नेपाल और श्रीलंका में भाजपा की सरकार बनाने की योजना

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देव एक बार फिर हैरान करने वाला बयान दिया है. बिप्लब देव ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि, भाजपा ना केवल देश में बल्कि पड़ोसी देशों में भी विस्तार करने की योजना बना रही है।

बिप्लब देव ने कहा कि, जब गृह मंत्री अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब उन्होंने कहा था कि उनकी योजना नेपाल और श्रीलंका में अपनी सरकार बनाने की है। मुख्यमंत्री बिप्लब देव ने 2018 में अमित शाह के साथ हुई बातचीत के बारे में बताते हुए कहा कि जब अमित शाह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब उन्होंने ये बात कही थी।

उन्होंने कहा कि, उस दौरान पार्टी की एक बैठक में अमित शाह ने भारत में सभी राज्यों में जीत के बाद विदेशी विस्तार को लेकर भी चर्चा की थी। इसी बातचीत के आधार पर बिप्लब देव ने बताया कि हम अतिथिगृह में बैठकर बात कर रहे थे, जिसमें अजय जम्वाल ने कहा था कि भाजपा ने कई राज्यों में अपनी सरकार बना ली है, इस पर अमित शाह ने जवाब दिया था कि अब श्रीलंका और नेपाल में विस्तार करना है। 

मुख्यमंत्री बिप्लब देव ने अगले वित्तीय वर्ष के बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर दक्षिण एशिया को बनाने की दिशा में एक कदम है। भारत की नीतियां और कार्य बांग्लादेश, भूटान औऱ नेपाल को आत्मनिर्भर बनाने में सक्षम हैं।

मुख्यमंत्री बिप्लब देव के बयान के बाद विपक्षी पार्टी सीपीएम और कांग्रेस ने उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। दोनों पार्टियों ने बिप्लब देव के इस बयान को सबसे अलोकतांत्रिक बताया है। इसके अलावा अमित शाह को विदेशों में अपनी सरकार बनाने की योजना के दावे के बारे में स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा है। 

LIVE TV