डाक्टरों ने कर दिखाया चमत्कार, 30 सालों से मुंह खोलने में अक्षम महिला का हुआ सफल ऑपरेशन

दिल्ली के डाक्टरों ने वो चमत्कार करके दिखा दिया जिसे दुनियाभर के डॉक्टर नहीं कर पाए। दरअसल, एक 30 साल की महिला थी जिसकी खोपड़ी की हड्डी उसके जबड़े के साथ जुड़े हुए थे, जिसके चलते वो बचपन से सही ढंग से मुंह नहीं खोल पाती थी। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के डॉक्टरों ने उसका सफल ऑपरेशन कर उसको इस परेशानी से मुक्त कर दिया। इसकी जानकारी खुद अस्पताल प्रशासन ने दी।

अस्पताल द्वारा जारी एक बयान में कहा गया था कि, “आस्था मोंगिया का बहुत हल्का सा मुंह खुलता था और वह अपने हाथ से जबान तक को नहीं छू पाती थीं। बीते 30 साल में वह ठोस भोजन नहीं खा पाती थीं और उन्हें बोलने में भी दिक्कत होती थी। दांतों में संक्रमण के चलते उनके सारे दांत खराब हो गए थे।”

डॉक्टरों के मुताबिक़ आस्था के चेहरे के दाहिनी ओर ऊपरी हिस्से, नेत्रकूप (ऑर्बिट) और माथे के आसपास ट्यूमर था, जिससे यह एक बेहद पेचीदा मामला बन गया था। भारत, ब्रिटेन और दुबई के कई नामचीन अस्पतालों ने भी हाथ खड़े कर दिए थे। सर गंगाराम अस्पताल के वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉक्टर राजीव आहूजा ने बताया कि अब आस्था तीन सेंटीमीटर तक अपना मुँह आसानी से खोल सकती हैं। इस सफल ऑपरेशन के लिए डॉक्टर को लोगों से बधाईयाँ मिल रही है।

LIVE TV