
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जौनपुर के मछली शहर में 2,000 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, योगी जी ने यूपी से गुंडाराज को उखाड़ फेंका है। माफियाराज को बुलडोजर के नीचे दबा दिया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, अगर रामराज्य की परिकल्पना की जाए, तो आज यूपी में उसका सपना साकार होता दिख रहा है। आज पूरा देश योगी आदित्यनाथ जी को इस बात के लिए याद करता है कि उन्होंने यूपी को माफियाओं से मुक्ति दिलाकर, यूपी को विकास की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है। योगी जी ने यूपी को एक नई पहचान दिलावाई है।
नितिन गडकरी ने कहा, मेरे पास मंत्रालय भी ऐसा है, जहां पैसों की कोई कमी नहीं है। प्रदेश मांगते-मांगते थक जाएंगे, लेकिन हम देते-देते नहीं थकेंगे। मैं वचन देता हूं कि डबल इंजन की सरकार बनने दीजिए, यूपी में आने वाले 5 वर्षों में 5 लाख करोड़ के काम होंगे। हमारी भारतीय जनता पार्टी वंशवाद और परिवारवाद की पार्टी नहीं है। भाजपा तो कार्यकर्ताओं और देशभक्तों की पार्टी है।