चुनावी राज्यों में प्रचार करके दिल्ली लौटे ये केंद्रीय मंत्री निकले कोरोना पॉजिटिव

देश में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच बंगाल समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़े जा रहे हैं। इन राज्यों में चुनावी प्रचार के दौरान होने वाली रैलियों में हज़ारों की संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में अगर कोरोना मामले बढ़ते हैं तो यह चौकने वाली बात नहीं है। इन रैलियों में हिस्सा ले रहे हमारे मंत्री भी इस के खतरे से परे नहीं हैं। खबर आई है कि पिछले कुछ दिनों से बंगाल और असम में विधानसभा चुनावों में व्यस्त रहने वाले जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी देने की ज़िम्मेदारी निभाई है।

केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट कर लिखा, “पिछले कुछ दिनों से मैं लगातार बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव में व्यस्त रहा। कल ही बंगाल से दिल्ली लौटा हूं। कुछ बैचेनी महसूस करने के कारण मैंने कोविड जांच कराया। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हाल के दिनों में जो भी लोग मेरे संपर्क में आए हैं। वो अपनी जांच कराएं और सजग रहें।”

बता दें कि देश में दुबारा कोरोना की लहर लौट आई है। देश के कई राज्यों के साथ-साथ झारखंड में भी कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसके चलते झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार व रांची जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।

LIVE TV