
हरदोई: लोनार थाना क्षेत्र के बरवन में गोली मारकर हत्या की वारदात सामने आई है। जिसमें एक युवक देर रात खेतों पर खाना देने जा रहा था। इसी दौरान किसी ने मारपीट के बाद गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। इलाकाई पुलिस मामले के जांच में जुटी थी। इसी बीच एसपी, एएसपी मौके का जायजा लेने पहुंचे है।

बताते चले कि कछौना थाना क्षेत्र के जगसरा निवासी नारायण सिंह 5 वर्षों से लोनार थाना क्षेत्र के बरवन में रहता था। इसी गांव में लालू सिंह के साथ उसकी बुआ की लड़की का विवाह हुआ था। जब से ही वह अपने जीजा लालू सिंह के घर बरवन में ही रहता था। वह अपने जीजा के कार्यों में हाथ बंटाकर उनकी सहायता करता था। बुधवार देर रात खेतों पर ट्रैक्टर से खंदाई का कार्य चल रहा था। इसी बीच वह खाना देने के लिए खेतों पर जा रहा था। तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया और गोली मारने के बाद चाकू से वार किया। जब तक नारायण की मौत नहीं हो गई तब तक हमलावर मारते रहे। सुबह जब गांव के बाहर ग्रामीणों ने शव देखा तो वह दंग रह गए। जैसे- तैसे लोगों ने उसके परिजनों को खबर दी। यह सब देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची लोनार पुलिस मामले के जांच में जुटी है। एसपी ने एएसपी समेत भारी पुलिस बल के साथ मौके का जायजा लिया है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि लोनार थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिला है। जिसमें विवाद के बाद हत्या होना प्रतीत हो रहा है। स्थानीय पुलिस गहनता से सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस को जल्द ही खुलासे के निर्देश दिए गए है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।