गोरखपुर; युवक की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

गोरखपुर जिले में खजनी थाना क्षेत्र के कंदराई गांव के पास रविवार दोपहर अज्ञात वाहन से बाइक टकराने के बाद पोल से टकरा गई जिससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि, हादसे में उसका चचेरा भाई घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना में मृतक युवक की पहचान उनवल नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार निवासी अरविंद तिवारी के रूप में हुई। हादसे में गंभीर रूप से घायल उसके चचेरे भाई अमित तिवारी को भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, अरविंद अपने चचेरे भाई अमित के साथ अपने ससुराल महराजगंज के पचरुखिया गया था। रविवार को चचेरे भाई के साथ अरविंद वापस लौट रहा था।

खजनी के कंदराई गांव के पास रास्ते में सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई और बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई जिससे वाहन चला रहे अरविंद की मौत हो गई। बता दें की अरविंद की शादी अभी दो साल पहले हुई थी। उसका छह महीने का बेटा है। घटना की खबर सुनते ही घर में चीख पुकार मच गई।

LIVE TV