

कोरोना महामारी के बीच गंगा में लगातार मिल रहे शवों की खबर ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था। गंगा में संदिग्ध कोविड मरीजों के शवों ने उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ तटीय इलाकों में रहने वालों की नींद उड़ा दी थी। इस बीच प्रयागराज से रोंगटे हिला देने वाली तस्वीर और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन वायरल वीडियों में नदी किनारे दफनाए गए शवों पर बीछी पीली और गेरुआ चादरें सफेद रेत पर उभरकर दिख रही हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से सामने आए इन वीडियो में नगर निगम के कर्मचारी इन अज्ञात शवों पर लगे पीले कफन को खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ ऐसा ही दुखद नजारा उन्नाव में भी देखने को मिला है।
उत्तर प्रदेश में गंगा किनारे हो रही इस कार्रवाई पर कांग्रेस ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक वीडियो ट्वीट कर लिखा, “जब वे जीवित थे तो उन्हें उचित चिकित्सा नहीं मिली। उनमें से कई को सम्मानजनक अंतिम संस्कार भी नहीं मिला, और न ही सरकारी आंकड़ों में कोई स्थान। अब उनकी कब्रों से रामनामियों को भी हटाया जा रहा है।” उन्होंने ट्वीट किया, ”अपनी छवि चमकाने की चिंता से क्षीण हुई सरकार अब पाप करने पर उतर आई है। यह कैसा स्वच्छता अभियान है? यह अपमान है: मृतकों का, आस्था का, मानवता का।”