खाना नहीं सिर्फ चाय पीकर 33 साल से स्वस्थ है महिला, जानें कैसे

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रहने वाली एक महिला सिर्फ चाय पीकर पिछले 33 वर्षों से न सिर्फ जीवित बल्की पूरी तरह स्वस्थ्य है। इस महिला की इस अनूठी शारीरिक विशेषता को देखकर डॉक्टर भी हैरत में हैं।

अक्सर सुनने में आता है कि कोई इंसान पत्थर या कांच और जाने क्या-क्या खाकर कई वर्षों से जिंदा है। ऐसी ही एक महिला हैं पल्ली देवी, जो कोरिया जिले के बैकुन्ठपुर विकासखण्ड के बरदिया गांव में रहती हैं। पल्ली देवी पिछले 33 सालों से सिर्फ चाय पर जिंदा है।

आप इसे कुदरत का करिश्मा कहे या कुछ और लेकिन इस महिला ने 11 वर्ष की उम्र में अकारण अचानक खाना पीना त्याग दिया। परिवार के लोगों की माने तो तब से लगातार उसने अन्न-जल को मुंह तक नहीं लगाया और केवल चाय पर अपने को जिंदा रखा।

कोरिया जिला मुख्यालय से महज 15 किलोमीटर दूर बरदिया नाम का एक गांव है। जहां महिला अपने पिता के घर पर रहती है। आसपास के इलाके में आप किसी से भी पूछ लीजिए, हर कोई चाय वाली चाची को पहचान जाता है।

44 वर्ष की महिला पल्ली देवी के पिता रतिराम बताते हैं कि पल्ली जब छठवीं कक्षा में थी, तब से ही उसने भोजन को छोड़ दिया। पिता बताते हैं कि यह घटना अचानक घटी। हमारी बेटी कोरिया जिले के जनकपुर में पटना स्कूल की ओर से जिला स्तरीय टूर्नामेंट खेलने गई थी।

वहीं से लौटने के पश्चात उसने अचानक ही खाना-पीना त्याग दिया। पहले तो एक दो माह तक उसने बिस्किट, चाय और ब्रेड लिया। उसके बाद उसने धीरे-धीरे बिस्किट और ब्रेड भी खाना छोड़ दिया।

LIVE TV