

हमेशा से ही नई-नई और अनोखी चीजों से दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचने वाला चीन फिर एक बार लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है, लेकिन इस बार वजह अलग है। जानकारी के अनुसार, लोंगजिंग शहर के कांच के फर्श वाले पुल को तेज आंधी आने से काफी नुकसान पहुंचा और वह टूट गया। जिसके चलते एक पर्यटक पुल पर बीच हवा में ही लटका रह गया। वहीं, अब सोशल मीडिया पर ये खबर लोगों को बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और शख्स के 330 फीट ऊंचे इस ब्रिज पर लटकने की कई तस्वीरें भी तेजी से वायरल हो रही हैं।
चीन के लोंगजिंग शहर के पियान पर्वतों पर स्थित ये पुल एक रिजॉर्ट में मौजूद है। वायरल हो रही फोटो में पुल की रेलिंग पर एक शख्स लटका हुआ दिखाई दे रहा है। दरअसल, यहां शुक्रवार को 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं, जिसके बाद ये पुल कई जगह से टूट गया। उसी दौरान पर्यटन के लिए आया एक शख्स उस पर लटका रह गया। उसकी तस्वीर चीन के सोशल मीडिया ऐप वीबो पर काफी वायरल हो रही है। खबरों के मुताबिक, बचाव दल और दमकलकर्मियों को उस व्यक्ति की मदद के लिए बुलाया गया और शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, फंसे हुए पर्यटक ऑन-साइट कर्मचारियों की मदद से सुरक्षा में वापस आने में कामयाब रहे। उसे एक अस्पताल ले जाया गया और जांच के बाद छुट्टी दे दी गई।