केंद्र सरकार के दो साल पूरे, सहारनपुर से मोदी करेंगे यूपी चुनाव का शंखनाद

केंद्र सरकार के दो सालनई दिल्ली| गुरुवार को केंद्र सरकार के दो साल पूरे हो रहे हैं| इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहारनपुर में विकास पर्व महारैली को संबोधित करेंगे| इस रैली के ज़रिये मोदी उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी करेंगे| रैली के लिए 88 एकड़ जमीन में मंच और पंडाल बनाया गया है| इस रैली में लगभग दो लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है|

केंद्र सरकार के दो साल

दर्जन भर से ज्यादा आईपीएस अधिकारियों की निगरानी में पंद्रह सौ से ज्यादा कांस्टेबल इस रैली की सुरक्षा करेंगे| अपने दो साल पूरे होने पर मोदी सरकार कोई कसार नहीं छोड़ना चाहती| सिनेमा घरों, रेडियो, अखबार, सोशल मीडिया और टीवी पर भी सरकार अपने काम का प्रचार कराएगी| खबर यह भी है कि मोदी सरकार के दो साल की उपलब्धियों का बखान करने के लिए 33 मंत्रियों की टीम पूरे देश में दौरे करेगी|

ये है सुरक्षा

रैली में होने वाली भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा पुख्ता रखने की योजना बनाई गयी है। एसपीजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने मंच और आसपास की जगहों का जायजा लिया है।

आईजी एसपीजी वीके जेठवा के नेतृत्व में आईजी जोन, डीआईजी एसपीजी, मंडलायुक्त, डीएम, डीआईजी और एसएसपी अमले के साथ कल से ही रैली स्थल पर डटे हुए हैं|

रैली के दौरान आम आदमी के लिए मंच से 200 मीटर का दायरा सील रहेगा। केवल वीवीआईपी उस दायरे में तलाशी देने के बाद जा सकेंगे|

आम आदमी की एंट्री के लिए 30 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाई गयी हैं| जबकि, वीवीआईपी के लिए दो गेट बनाए गए हैं, जिन पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगे हैं|

झंडों व बैनरों से पटा शहर

प्रधानमंत्री की इस विकास पर्व महारैली के लिए पूरा शहर भाजपा के झंडों व बैनरों से पट गया है| रैली स्थल तक पहुंचने वाले मार्गो पर बड़े बड़े द्वार और सड़कों के किनारे बड़े होर्डिग्स से त्यौहार जैसा माहौल बन गया है।

मिशन-2017 में कामयाबी पाने के लिए भाजपा नेता कोई कोर-कसर नही छोड़ना चाहते हैं| यही कारण है कि हर एक तिराहे-चौराहे पर कमल के फूल के निशान वाले भाजपा के झंडे लहरा रहे हैं। किसान मुनव्वर अली के 21 बीघा के खेत में तीन हैलीपैड बनाए गए है। मुनव्वर अपनी जमीन को भाग्यशाली मान रहे हैं कि देश का प्रधानमंत्री उनकी जमीन पर उतरेगा|

मंच पर 72 स्क्वायर फीट की स्क्रीन लगाई गई है। जिस पर समारोह का हर एक क्षण दिखाया जायेगा| इससे, दूर बैठे लोग भी बड़े आराम से प्रधानमंत्री को देख पाएंगे|

प्रधानमंत्री के हेलीपैड के एक ओर दो बड़े तालाबों को पानी से भर दिया गया है| ताकि आकस्मिक परिस्थितयों में सुरक्षा बलों को भरपूर पानी मिल सके|

LIVE TV