कांग्रेस की कोशिश रही कि खेती किसी एक हाथ में न जाए: राहुल गांधी

दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 78 दिन से किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज यानी शुक्रवार को दो दिन के लिए राजस्थान दौरे पर पहुंचे हैं। राहुल गांधी ने आज हनुमानगढ़ के पीलीबंगा में किसान महापंचायत को संबोधित किया। इसके बाद वे श्रीगंगानगर के पदमपुर में भी किसान महापंचायत रैली को संबोधित करेंगे।

पीलीबंगा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यही कोशिश रही है कि खेती किसी एक हाथ में न जाए, लेकिन नए कानून में इसका उलट किया जा रहा है।

रैली करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, ‘मोदी जी कहते हैं कि हम किसानों के साथ बात करना चाहते हैं, आप क्या बात करना चाहते हैं? (कृषि) कानूनों को निरस्त करें, किसान आपके साथ बात करेंगे। आप (पीएम) उनकी जमीन, भविष्य को छीन रहे हैं और ऐसे में आप उनसे बात करना चाहते हैं। पहले कानून वापस लें, फिर बात करें।’

महापंचायत सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, ‘आपके लिए जो ये तीन कानून आए हैं, इनका लक्ष्य क्या है। मोदीजी इन्हें क्यों ला रहे हैं, इसे मैं आपको समझाऊंगा। कृषि दुनिया का सबसे बड़ा व्यापार है, क्योंकि इससे करोड़ों लोगों को भोजन मिलता है। भारत की 40 प्रतिशत जनता इस व्यापार को चलाती है। कांग्रेस की कोशिश रही है कि कृषि किसी एक के हाथ में न जाए। आजादी के बाद यही हमारा लक्ष्य रहा है कि इसमें 40 प्रतिशत लोगों की भागीदारी रहे।’

LIVE TV