कल पंजाब दौरे पर जाएंगे AAP प्रमुख अरविन्द केजरीवाल, पूर्व IPS से मिला सकते हैं हाथ

आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कल पंजाब का दौरा करेंगे। नौ साल पुराना संगठन आप अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। केजरीवाल का यह दौरा उनके गुजरात दौरे के कुछ दिनों बाद होगा। दोनों ही राज्यों में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं।

पिछले तीन महीने के अंदर केजरीवाल का यह दूसरा दौरा है। पंजाब दौरे से पहले अरविंद केजरीवाल ने पंजाबी में ट्वीट कर कहा, “पंजाब बदलाव चाहता है। केवल आम आदमी पार्टी ही उम्मीद है। कल अमृतसर में मिलते हैं।” इस यात्रा के दौरान, केजरीवाल पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह को पार्टी में शामिल करवा सकते हैं। सिंह 2015 में कोटकपुरा में पुलिस फायरिंग की घटना की जांच करने वाले विशेष जांच दल (SIT) का हिस्सा थे। हालाँकि उस रिपोर्ट को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया था जिसके बाद सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी।

LIVE TV