ओडिशा में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 18 नक्सली ढेर

ओडिशा में नक्सलीविशाखापट्टनम| आंध्र प्रदेश और ओडिशा सीमा के पास सोमवार को हुई मुठभेड़ में कम से कम 18 नक्सली मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मलकानगिरि के पुलिस अधीक्षक मित्रभानु महापात्र ने कहा कि खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा पुलिस के एक संयुक्त दल ने ओडिशा के मलकानगिरि जिले के जंत्री में सोमवार को सुबह अभियान चलाया।

ओडिशा में नक्सली ढेर

उन्होंने कहा कि उन्हें करीब 40 नक्सलियों के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी।

महापात्र ने कहा, “हमें उम्मीद हैं कि मुठभेड़ में कुछ शीर्ष नक्सली नेता भी मारे गए हैं। हालांकि इसकी पुष्टि उनके शवों को यहां लाने के बाद हो सकेगी।”

ओडिशा के चित्रकोंडा इलाके में हुई इस मुठभेड़ में दो कांस्टेबल भी घायल हुए।

ओडिशा पुलिस महानिदेशक के.बी. सिंह ने कहा, “हमें नक्सलियों के आंध्र-ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोन कमेटी के सदस्यों के सभा के बारे मलकानगिरि जिले के चित्रकोंडा पुलिस थाने के तहत जानकारी मिली थी।”

महानिदेशक ने कहा, “ओडिशा और आंध्र प्रदेश पुलिस का एक संयुक्त अभियान सूचना की पुष्टि के बाद हमारे दल ने शुरू किया। अभियान की अगुवाई आंध्र प्रदेश पुलिस ने की, इसमें राज्य के ग्रेहाउंड जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।”

मुठभेड़ स्थल से जब्त किए गए हथियारों में चार एके 47 राइफल, तीन सेल्फ लोडिंग राइफल और कुछ दूसरी किस्म की बंदूकें शामिल हैं।

LIVE TV