एक विवाह ऐसा भी, तोड़ी 200 साल पूरानी दुश्मनी

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू के दो गांवों की करीब 200 साल पुरानी दुश्मनी का आखिरकार अंत हो गया। इस दुश्मनी का अंत पहाड़ी गायक चिराग की शादी के साथ हुआ है। पारंपरिक पहाड़ी गीत गाने वाले चिराग ज्योति मजटा ने 22 जुलाई को अपनी दोस्त विदुषी सुंटा के साथ विवाह किया। रोहड़ू का करासा चिराग का पैत्रिक गांव है, जबकि विदुषी रोहडू नावर के खलावन से संबंध रखती हैं। बता दें कि करासा और नावर खलावन के बीच पिछले करीब 200 साल से पुश्तैनी बैर चल रहा था। दोनों गांव के लोग एक-दूसरे से कोई संबंध नहीं रखते थे।

वहीं इस शादी के बाद लोग उम्मीद कर रहे हैं कि अब ये पुश्तैनी बैर खत्म हो गया है। लोगों का मानना है कि इस शादी के बाद अब दोनों गांवों के बीच रिश्ते और बर्ताव सहज भाव से चलेंगे। चिराग हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं और विदुषी बंगलूरू और चंडीगढ़ की नामी कंपनियों में एचआर एक्जीक्यूटिव रह चुकी हैं। बीते पांच सालों से दोनों दोस्त थे। चिराग के गाए जोउटा बढ़ाल, दूंदी और राजा भगत चंद जैसे गीत खासे लोकप्रिय हैं।

दरअसल, रोहड़ू के इन दोनों गांवों में 200 साल पहले खूनी संघर्ष हुआ था। उस दौरान वहां राजाओं का राज हुआ करता था। इस संघर्ष में दर्जनों लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद इन गांवों में आपसी संबंध खत्म हो गए थे। आजादी के बाद भी दोनों गांवों के रिश्ते बहाल नहीं हुए, लेकिन अब चिराग और विदुषी के विवाह ने सारी दुश्मनी खत्म होने की उम्मीद है। दोनों में गांवों के बीच सौहार्द का एक नया अध्याय शुरू हुआ है, जिसकी आसपास के गांवों में खूब प्रशंसा हो रही है। 

LIVE TV