अपने जन्मदिन पर सबसे बड़ी परीक्षा पास करेंगे पीएम मोदी

जन्मदिननई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 66वें जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए केन्द्र सरकार ने पहल की है। इस बार सरकार मोदी के जन्मदिन पर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्लान कर रही है। मोदी सरकार सिर्फ एक नहीं बल्कि कई विश्व रिकॉर्ड को अंजाम देना चाहती है। मोदी जी के गृह प्रदेश गुजरात के नवसारी में ये रिकॉर्ड बनाए जाएंगे।

17 सितम्बर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ये रिकॉर्ड बनाए जाएंगे। 11 हजार दिव्यांगों को विभिन्न तरह के सहायक उपकरण और अन्य मदद दी जाएगी। अगर ऐसा होता है तो पीएम मोदी एक ही साथ सर्वाधिक विकलांगों को सहायता उपलब्ध कराने का विश्व रिकॉर्ड बना सकते हैं। सरकार कार्यक्रम की समुचित वीडियोग्राफी कराएगी। बता दें कि ब्रिटेन से आने वाले गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

दरअसल, यह आइडिया पीएम नरेंद्र मोदी का ही है। उन्होंने 11 हजार दिव्यांगों को सहायक उपकरण की मदद के अलावा कुछ और भी रिकॉर्ड को बनाने का फैसला लिया है। इनमें एक ही समय में दिव्यांगों द्वारा 1000 दिए जलाने का रिकॉर्ड, व्हील चेयर पर सवार 1000 दिव्यांगों द्वारा व्यूह-रचना और 1000 दिव्यांगों को कान की मशीन देने का रिकॉर्ड बनाने की भी तैयारी है। विकलांगों द्वारा एक हजार दिए जलाने का प्रदर्शन पहली बार किया जाएगा, जबकि दिव्यांगों द्वारा व्यूह-रचना का रिकॉर्ड अमेरिका के पास है, जहां 346 दिव्यांगों ने ऐसा प्रदर्शन किया था।

इन सब के अलावा ज़रूरतमंदों को साइकिल, व्हील चेयर और 11,223 दिव्यांगों को एक साथ लोन चेक देने का भी रिकॉर्ड बनाया जाएगा। बता दें कि इस साल जनवरी में भी सरकार ने मोदी जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ऐसे रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की दी, लेकिन सरकार के हाथ असफलता लगी थी। इसलिए सरकार इस बार कोई कमी नहीं छोड़ रही।

LIVE TV