अकबर किले का नाम बदलने पर भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी

अकबर किलेजयपुर। राजस्थान के शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी को धमकी दी गई है। उनको यह धमकी अकबर किले का नाम बदलने पर दी गई है। एक व्यक्ति ने प्रो. वासुदेव देवनानी को कड़ी कार्रवाई करने की धमकी दी है। कोतवाली थानाधिकारी (अजमेर) बी एल मीणा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी को अजमेर के अकबर किले का नाम बदलकर अजमेर का किला (संग्रहालय) करने पर यह धमकी दी है।

व्यक्ति की ओर से लिखा गया धमकी का यह पत्र शिक्षा राज्य मंत्री को गत 30 दिसंबर को उनके अजमेर के आवास के पते पर और 21 फरवरी को पुलिस अघीक्षक अजमेर को डाक से मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पत्र में धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपना नाम तरन्नुम खादिम लिखा है। इधर, राजस्थान विधानसभा में भी एक सदस्य ने यह मामला उठाने का प्रयास किया, लेकिन अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने इसकी अनुमति नहीं दी।

राजस्थान के शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा है कि इतिहास में पढ़ाया जाता रहा है कि अकबर महान थे जबकि अब तक हुए शोध में यह सामने आया है कि महाराणा प्रताप महान थे। यदि हल्दीघाटी युद्घ में अकबर विजयी होता तो जीतने के बाद प्रताप से छह बार युद्ध क्यों करता।

प्रो. देवनानी यहां पाथेय कण पत्रिका के हल्दी घाटी युद्घ पर प्रकाशित अंक के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी के महासमर में महाराणा प्रताप की विजय हुई थी।

 

LIVE TV