
इलाहाबाद| अफ्रीका महाद्वीप के घाना देश से अपनी पांच साल की मासूम बेटी अबीना का इलाज कराने भारत आये एक दम्पत्ति की मुस्कान वीजा के फेर में उलझ कर रह गयी है| सेरेब्रल पालिसी के रोग से पीड़ित एक मासूम बच्ची अफ्रीका से इलाज के लिए इलाहाबाद आयी लेकिन टूरिस्ट वीजा और मेडिकल वीज़ा के फेर में विदेश मंत्रालय और अधिकारियों के बीच उसकी जिंदगी उलझ  गयी| पांच साल की इस बच्ची को अब सरकार की मदद की जरुरत है और अगर इसका सही समय पर इलाज न हुआ तो बच्ची की जान खतरे में पड़ सकती है|
इलाहाबाद में सेरेब्रल पालिसी से पीड़ित पांच साल की मासूम अबेना की बेचारगी देख किसी का भी दिल पसीज सकता है| मुश्किल में फंसे अबेना और उसके माँ बाप की सुनने वाला कोई नहीं है। पश्चिमी अफ्रीका के गरीब मुल्क घाना से अबेना को उसके माँ-बाप उसे इलाज के लिए इलाहबाद में सेरेब्रल पालिसी के जाने माने सेंटर तक तो ले आये लेकिन ना समझी के चलते इन्हें घाना से छह महीने के मेडिकल वीज़ा की जगह एक महीने का टूरिस्ट वीज़ा दे दिया गया| अबेना को ठीक होने के लिए पांच महीनों के लगातार इलाज की जरुरत है, वीज़ा के फेर में अब अबेना का इलाज नही हो पा रहा|
अबेना का इलाज करने वाले डॉक्टर और त्रिशला फाउन्डेशन के डायरेक्टर जितेन्द्र जैन का कहना है कि अबेना न तो बैठ सकती है और न बोल सकती है लेकिन पांच महीने के इलाज के बाद अबेना बोल भी पायेगी और बैठने के अलावा खड़ी भी हो सकेगी| समस्या यह है कि बिना पांच महीने का वक्त मिले उसका इलाज शुरू नहीं हो सकता| डॉक्टर्स की मानें तो अगर अबेना का इलाज जल्द से जल्द शुरू नहीं हुआ तो धीरे-धीरे उसके शरीर के कई अंग ख़राब हो सकते हैं जिनका इलाज भविष्य में संभव नहीं हो पायेगा|
अबेना की माँ फ्यूस्टीना और पिता रिचमंड के मुताबिक़ उनके देश में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बदतर है| वो किसी भी हालात में अपनी बेटी को ठीक होता देखना चाहते हैं| बड़ी मुश्किल से पैसों का इंतज़ाम कर वो यहाँ तक पहुंचे थे| अगर अबेना बिना इलाज वापस हो गयी तो वो शायद कभी ठीक न हो पाए| इसलिए इन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद मांगी है कि वो अबेना के इलाज के लिए इन्हें मेडिकल वीज़ा दे दें| ये लोग ट्वीट के जरिये और माध्यमों से लगातार विदेश मंत्री, मंत्रालय, विदेश राज्य मंत्री से संपर्क की कोशिश कर रहे हैं|
फिलहाल सुषमा स्वाराज ने ट्वीट करके आश्वासन भी दिया है लेकिन अभी तक लिखित वीज़ा का दस्तावेज़ नहीं मिल पाया है| अबेना के माँ-बाप ने विदेश मंत्री से अपील की है कि अन्य मामलों की तरह इस मामले में भी वह मदद के लिए आगे आएं| अबेना की माँ को यकीन है कि एक महिला और एक माँ होने के नाते विदेश मंत्री सुषमा स्वराज उनकी मदद जरूर करेंगी|





