सपा में गुटबाजी बर्दाश्त नहीं: शिवपाल सिंह यादव ने बदायूं की फ्रंटल इकाइयों को भंग किया, मायावती पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) ने संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने स्पष्ट संदेश दिया कि गुटबाजी अब किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसी कड़ी में बदायूं जिले की सभी फ्रंटल इकाइयों—युवा सभा, छात्रसभा, महिला सभा, लोहिया वाहिनी और प्रकोष्ठों—को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। जिला कार्यकारिणी को भी भंग करते हुए केवल जिलाध्यक्ष को पद पर बरकरार रखा गया है।

शिवपाल का यह दो दिवसीय दौरा पहले से निर्धारित था, और उनके आगमन से दो दिन पूर्व ही सपा के प्रदेश कार्यालय से भंग करने के आदेश जारी हो चुके थे।

रविवार को शिवपाल सिंह यादव सहसवान पहुंचे और दहगवां चौराहे पर एक होटल तथा हाल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में सपा सांसद आदित्य यादव, सहसवान विधायक बृजेश यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नेता उपस्थित रहे।

उद्घाटन के दौरान शिवपाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को ठेकेदारी के हवाले कर दिया गया है। अधिकांश काम गुजरात की कंपनियों को सौंपे जा रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे जनता के मुद्दे आज भी अनसुलझे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाजवादी पार्टी ही जनता को सच्ची राहत प्रदान करने में सक्षम है।

सभा को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अब हवा में चुनाव लड़ने का समय नहीं है। गुटबाजी त्यागकर सबको एकजुट होना होगा। यदि हम एक रहेंगे, तो विधानसभा चुनाव में प्रदेश की हर सीट पर सपा का परचम लहराएगा।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने सपा को भरपूर समर्थन दिया था, अब उसी एकता और जनसमर्थन को कायम रखना जरूरी है। एक-दूसरे की टांग खींचने से संगठन कमजोर होता है, जबकि हमारी असली ताकत हमारी एकजुटता में है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव, पूर्व सांसद सलीम इकबाल शेरवानी, विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, वरिष्ठ नेता नरोत्तम सिंह, नवाब सिंह, पूरन सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सहसवान पहुंचने पर शिवपाल और आदित्य यादव का मेरठ हाईवे पर सपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण और नारों के बीच भव्य स्वागत किया।

मायावती भाजपा से मिली हुईं: शिवपाल का तीखा प्रहार

सहसवान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मायावती पूरी तरह भाजपा से मिली हुई हैं और जो भाजपा कहती है, वही करती हैं। पीड़ितों के साथ सपा खड़ी है और सभी को एकजुट करने का प्रयास कर रही है, जिससे भाजपा बौखला गई है।

2024 के चुनाव इसका जीता-जागता उदाहरण हैं। शिवपाल ने बिहार विधानसभा चुनाव पर भरोसा जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जीत होगी और तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।

शिवपाल ने पूर्व विधान परिषद सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य को अपना दोस्त बताते हुए कहा कि वे बड़े नेता हैं, लेकिन उनकी बेतुकी बयानबाजी को गंभीरता से नहीं लिया जाता। उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की कि केंद्र सरकार के दबाव में न आकर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करे।

कार्यकर्ताओं ने सुनाई दास्तां, शिवपाल-आदित्य ने धैर्य से सुनी

शिवपाल सिंह यादव और उनके पुत्र सांसद आदित्य यादव के पहुंचने पर पार्टी नेताओं के जुबान पर नगर निकाय चुनाव की कड़वाहट छलक पड़ी। प्रदेश सचिव रजनीश गुप्ता ने कहा कि यदि उन्हें पार्टी का सिंबल और बड़े नेताओं का समर्थन मिला होता, तो तस्वीर कुछ और होती।

रविवार दोपहर शिवपाल सपा के प्रदेश सचिव रजनीश गुप्ता के निवास पर रुके। स्वागत-सत्कार के बाद कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने अपनी परेशानियां सुनाईं, तो राष्ट्रीय महासचिव से लेकर सांसद आदित्य ने बिना टोके सब कुछ सुना।

LIVE TV