
आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नेताओं का दलबदल का दौर जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, सपा के चार विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह, नरेंद्र भाटी, सी.पी. चंद और रमा निरंजन भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में ये सभी भाजपा में शामिल हुए हैं। इस मौके पर राज्य के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज अखिलेश यादव को नींद नहीं आएगी। इनके आने से भाजपा को ताकत मिली है। आप लोगों से उम्मीद है कि सपा में जो आपके मित्र हैं उनको आप भाजपा में लाएंगे।