
देहरादून। उत्तराखंड के रुद्र प्रयाग जिले के गुप्त काशी में चेंबर ऑफ टेक्सटाइल ट्रेड एंड इंडस्ट्री (कोट्टि) द्वारा विद्यालय कोट्टि सरस्वती विद्या मंदिर का निर्माण किया गया है। नवनिर्मित भवन का उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टामटा ने बुधवार को किया।
इस मौके पर भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखंड प्रदेश के गणमान्य सदस्य भी उपस्थित थे। चेंबर की कार्य कारिणी के 12 सदस्यों का एक दल अध्यक्ष अरूण भुवालका की अगुवाई में इस कार्यक्रम में शिरकत करने गुप्तकाशी पहुंचा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विद्यालय प्रांगण में समस्त छात्रों की उपस्थिति में हवन पूजन कार्य संपन्न हुआ। अध्यक्ष अरुण भुवालका ने चेंबर के सभी सदस्यों की तरफ से भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखंड प्रदेश के सहयोग के लिए अभार व्यक्त किया तथा सभी बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
श्री टामटा ने कहा कि उत्तराखंड में बरसात के महीनों में अनेक आपदाएं होती हैं। गत 2013 में आयी आपदा के दौरान अनेक विद्यालय ढह गये थे। कोट्टि ट्रस्ट ने यहां विद्यालय का निर्माण कार्य किया है। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष मुरारी लाल खेतान तथा विजय कुमार बिनायकिया ने भी अपने-अपने विचार रखे।
चेंबर के मंत्री महेंद्र जैन ने बताया कि आरंभ में कोट्टि सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में करीब 180 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करेंगे। धीरे-धीरे यह संख्या और बढ़ेगी। इस मौके पर कोट्टि के सह सचिव द्वय संजय तोदी, देवेंद्र बोथरा, कोषाध्यक्ष अनिल मिहारिया, स्कूल प्रोजेक्ट के संयुक्त संयोजक देवकी नंदन तोदी, कार्य कारिणी के सदस्य विजय शंकर अग्रवाल, मुकेश पारीख, प्रमोद मोदी, दिलीप अरोड़ा एवं परमेश्वर लाल अग्रवाल उपस्थित थे।