आगरा के एमजी रोड पर छेड़छाड़ से परेशान एक नेपाली महिला ने 2 से 4 साल के अपने ही तीन बच्चों को मारने का प्रयास किया।
कभी वह उन्हें पानी के पाउच से नहला रही थी तो कभी बुरी तरह पीट रही थी। अचानक उन्हें वह बुरी तरह हवा में फेंकने लगी। इससे एक बच्चे के मुंह से खून निकलने लगा
काउंसिलिंग में महिला ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर आगरा स्टेशन पर उतरते ही उसके पीछे कुछ अराजक तत्व लग गए। उसके साथ छेड़छाड़ और रेप की कोशिश हुई। गुहार लगाने पर भी किसी ने उसकी मदद नहीं की तो वो बहुत परेशान हो गई और गुस्से में बच्चों को बुरी तरह पीटने लगी।
मौजूद लोगों ने इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन और एसपी सिटी को दी। महिला को आशा केंद्र पहुंचाया गया तब हालत संभली।
काउंसिलिंग में उसने बताया कि उसका नाम कविला है। वो नेपाल की निवासी है। उसके पति स्वर्गीय गंगाराम हैं। वे आगरा की एक जूता फैक्ट्री में काम करते थे। शुक्रवार सुबह वो अपने पति का पेंशन लेने के लिए आगरा आई थी।
शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे जब एमजी रोड पर सुरूर मॉडल शॉप के पास हो रही इस घटना की जानकारी सबसे पहले समाजसेवी नरेश पारस को दी गई। उन्होंने इसकी सूचना चाइल्ड लाइन, नेपाली संघ और आशा केंद्र को दी। महिला को आशा केंद्र पहुंचाया और खर्च की जिम्मेदारी ली।
वहां से काउंसिलिंग के बाद उन्होंने नेपाली समाज के पदाधिकारी मान बहादुर सिंह को लिखित सपुर्दगिनामे के साथ सौंप दिया। महिला को समाज के लोगों के माध्यम से नेपाल भेजा जा रहा है।