
नई दिल्ली। यूपी चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस अपना सबसे बड़ा और आखिरी दांव खेलने जा रही है। कांग्रेस पार्टी अब अपने सबसे बड़े मोहरे ‘प्रियंका गाँधी’ को यूपी से सक्रिय राजनीति में लाने जा रही है। बताया जा रहा है कि इसके लिए प्रियंका राज़ी भी हो गयी हैं। अब किसी भी वक्त इसका ऐलान हो सकता है।
दरअसल इस बात को लेकर यूपी कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने बहुत पहले ही पूरा प्लान बना लिया था। लेकिन राहुल गाँधी के विदेश में होने के चलते इसे हकीकत में तब्दील नहीं किया जा सका। अब पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी स्वदेश लौट आये हैं, जिसके बाद प्रियंका को लेकर अगले 48 घंटे में बड़ा ऐलान होने की उम्मीद है।
सक्रिय राजनीति में आने के साथ ही प्रियंका के चुनाव लड़ने की चर्चा भी जोरों पर है। हालाँकि अभी तक यह बात साफ़ नहीं हो पाई है कि उन्हें किस क्षेत्र से चुनावी दंगल में उतारा जायेगा।
प्रियंका को सक्रिय राजनीति में इंट्री की बात कोई नयी नहीं है| इसके लिए पहले भी समय समय पर कांग्रेस पार्टी के अन्दर मांग उठती रही है। कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पहले ही प्रियंका को चुनावी मैदान में उतारने की सलाह दे चुके हैं, जबकि यूपी कांग्रेस के नए प्रभारी गुलाम नबी आजाद भी यही चाहते हैं।