विधानसभा चुनाव: यूपी-पंजाब में कई बार झूठे साबित हो चुके हैं एग्जिट पोल

एग्जिट पोलनई दिल्‍ली। उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव खत्म हो चुके हैं और 11 मार्च को नतीजे घोषित हो जाएंगे। गुरुवार को एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आए। यूपी के ज्यादातर एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें दी गई हैं। वहीं सपा-कांग्रेस गठबंधन को दूसरे नंबर पर दिखाया गया है। वहीं वर्ष 2007 में अपने बल पर सरकार बनाने वाली मायावती को तीसरे नंबर पर दिखाया जा रहा है। वहीं पंजाब के एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में कड़ी टक्कर है।

लेकिन पिछले एग्जिट पोल के आंकड़े देखे जाएं तो वे बहुत ही कम सही साबित हुए हैं। साल 2012 में यूपी और पंजाब के एग्जिट पोल के आंकड़े पैमानों पर खरे नहीं उतरे थे। उत्तर प्रदेश के साल 2012 के एग्जिट पोल के आंकड़ों में यह जरूर दिखाया गया था कि समाजवादी पार्टी नंबर एक पर रहेगी, लेकिन सीटों की संख्या को लेकर आंकलन सही साबित नहीं हुआ था।

इंडिया टीवी-सी वोटर्स के एग्जिट पोल में कहा गया था कि समाजवादी पार्टी को 137 से 145 सीटें मिल सकती हैं, वहीं सीएनएन-आईबीएन और द वीक के सर्वे में सपा को 232 से 250 सीटें दी गई थीं। लेकिन समाजवादी पार्टी ने 403 में से 224 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया था। अन्य पार्टियों के आंकड़े भी सही नहीं रहे थे। 80 सीटें पाने वाली बहुजन समाज पार्टी को अलग-अलग पोल में दिखाया गया था कि वह 65 से 130 सीटें हासिल कर सकती है।

विधानसभा चुनाव 2017 के एग्जिट पोल के नतीजे

पंजाब की बात करें तो किसी भी एग्जिट पोल ने यह पूर्वानुमान नहीं लगाया था कि शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन की सरकार वापस लौटेगी। सीएनएन-आईबीएन के एग्जिट पोल में बताया गया था कि 117 सीटों में से कांग्रेस को 60 सीटें मिल सकती हैं, वहीं इंडिया टीवी-सी वोटर्स के सर्वे में बताया गया था कि कांग्रेस को 65 सीटे मिल सकती हैं। लेकिन कांग्रेस दूसरी बार भी चुनाव हार गई। कांग्रेस को केवल 46 सीटें मिली और अकाली-भाजपा गठबंधन को 68 सीटें मिली थीं।

साल 2012 में उत्तराखंड के एग्जिट पोल में दिखाया गया था कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर होगी। कांग्रेस को 32 तो भाजपा को 31 सीटें मिली थीं। लेकिन कुछ एग्जिट पोल में दिखाया गया था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार राज्य में वापस लौटेगी। गोवा के एग्जिट पोल में भाजपा को 20 सीटें दी जा रही थी, जिसे 24 सीटें मिली। वहीं कांग्रेस को लेकर अंदाजा लगाया गया था कि उसे 15 से 19 सीटें मिल सकती हैं, लेकिन उसे केवल 9 सीटें ही मिली।

मणिपुर को लेकर सभी पोल में पूर्वानुमान लगाया गया था कि कांग्रेस वापस आएगी, लेकिन सभी के आंकड़े गलत साबित हुए। न्यूज24 – टुडे चाणक्य ने कांग्रेस को 25 सींटे दी थी, जबकि सीएनएन-आईबीएन-द वीक ने 24 से 32 सीटें दी थी, लेकिन कांग्रेस को 60 में से 42 सीटें मिली थीं।

LIVE TV