क्रिसमस पर इन चीजों को खाने का है रिवाज, आम दिनों में भी बनाकर उठा सकतें हैं इसका लुत्फ
पूरी दुनिया में क्रिसमस बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है चाहे आप अमेरिका में रहें या भारत में हर जगह कैरल्स की धुन और दुल्हन की तरह सजे हुए चर्च देखने को मिल जाते हैं। इस दिन ईसा मसीह का जन्मदिन मनाया जाता है। बच्चों के लिए क्रिसमस का बस एक मतलब होता है, वो है सैंटा क्लॉज का घर आना, ढेर सारे उपहार लाना, मस्ती और धमाल करना और साथ में ढेर सारा टेस्टी फूड खाना।
कुछ पारंपरिक डिशेज क्रिसमस के मौके पर जरूर बनाई जातीं हैं और जिन्हें घर पर भी बड़ी आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते है-

प्लम केक
क्रिसमस के अवसर पर अधिकतर घरों में प्लम केक बनाया जाता है। इस केक में प्लम के अलावा ढेर सारे ड्राई फ्रूट्स डाले जाते हैं और यह खाने में बहुत टेस्टी होता है। क्रिसमस का त्योहार प्लम केक के बिना अधूरा-सा लगता है।

रोस्टेड चिकन
क्रिसमस डिनर मीट रेसिपी के बिना कभी पूरा नहीं हो सकता। वैसे तो बाहरी देशों में ट्रडिशनल क्रिसमस डिनर में टर्की जरूर बनाया जाता है लेकिन भारत में और जिन लोगों को टर्की पसंद नहीं है वह लोग रोस्टेड चिकन बना कर खाते हैं।

क्रिसमस कुकीज
अगर क्रिसमस पर कुकीज नहीं खाया तो क्या ही खाया। ये स्पेशल क्रिसमस कुकीज मैदा, मक्खन और चीनी से बनाई जाती हैं जिन्हें बच्चों के साथ-साथ बड़े भी खूब चाव से खाते हैं। लोग अपने मेहमानों को रिटर्न गिफ्ट के तौर पर भी ये क्रिसमस कुकीज पैक करके देते हैं।

क्रिसमस मिन्स पाई
सभी लोग इस डिजर्ट रेसिपी को काफी पसंद करते हैं। चॉकलेट, क्रीम, नट्स, किशमिश, जैम और जेली को मिलाकर इसे तैयार किया जाता है। यह डिजर्ट सभी का फेवरिट होता है और यह आपके क्रिसमस के स्वाद को भी कई गुना बढ़ा देता है।

एगनॉग
एगनॉग दूध, क्रीम और अंडे का इस्तेमाल करके बनाया जाता है। यह क्रिसमस की एक्सक्लूसिव ड्रिंक है जो टेस्टी होने के साथ-साथ बहुत हेल्दी भी होती है। इसमें दालचीनी और जायफल का फ्लेवर मिलाकर इसे और अच्छा बनाया जा सकता है।