चाचा शिवपाल यादव और राजभर ने अखिलेश को दिया बड़ा झटका, पहुंचे सीएम आवास
लखनऊ: राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन कर रहे अखिलेश यादव को बड़ा झटका लगा है। यह झटका उनके चाचा शिवपाल यादव और गठबंधन के साथी ओम प्रकाश राजभर ने दिया है। सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए आयोजित डिनर में सीएम आवास पहुंचे।

इस डिनर में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी पहुंचे हुए हैं। आपको बता दें कि इससे पहले गुरुवार को विपक्ष के राष्ट्रपति प्रत्याशी यशवंत सिन्हा लखनऊ पहुंचे थे। हालांकि उस दौरान सपा कार्यालय पर सिर्फ आरएलडी नेता जयंत चौधरी ही पहुंचे थे। उस कार्यक्रम में सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव को नहीं बुलाया गया था। जिसके बाद नाराज राजभर ने तो यहां तक कह दिया था कि अखिलेश को उनकी जरूरत नहीं है।
गुरुवार और शुक्रवार को लखनऊ में हुए घटनाक्रमों ने यह साफ कर दिया है कि सपा-सुभासपा का गठबंधन टूटने वाला है। अब बस यह देखना बाकि रह गया है कि इसकी पहल कौन करेगा।