मौसम ने ली करवट, लखनऊ में सुबह से ही फॉग और ठंडी हवाओं का असर, होगी बारिश

उत्तर भारत समेत दिल्ली में आज सुबह फिर एक बार ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं उत्तर प्रदेश के मौसम में भी एक दिन बाद फिर बदलाव होता दिख रहा है। 25 जनवरी को दिन में कई बार बारिश और बादलों के प्रभाव के बाद शुक्रवार सुबह से ही मौसम में बदलाव होता दिख रहा है।

हालांकि पिछले कुछ दिनों से यूपी के कई ज़िलों में धूप निकलने के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिली थी। मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक प्रदेश में एक बार फिर हल्की बारिश होने की संभावना है जिस कारण फिर से ठंड का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग से मिली सूचना के अनुसार पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 29 और 30 जनवरी को बारिश और बर्फबारी होने के संकेत हैं। जिसकी वजह से उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप फिर देखने को मिलेगा। इसके अलावा राजधानी समेत मैदानी इलाकों में भी इन दोनों दिन हल्की बारिश या फिर बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से आसमान में बादल और मौसम की ठंडक एवं ह्यूमिडिटी के अधिक रहने के कारण घने कोहरे जैसी स्थिति का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। तेज हवाएं ठंड के असर को बढ़ा रही हैं।

पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक मौसम में बदलाव होता दिख रहा है। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद ह्यूमिडिटी के कारण उमस बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, लखनऊ से लेकर गोरखपुर तक भी हवा चलती दिख रही है। लखनऊ में सुबह से ही फॉग और ठंडी हवाओं का असर दिख रहा है। 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा ने शहर के तापमान में कमी कर दी है। मौसम विभाग की ओर से सुबह 10 बजे तक कुछ इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। हालांकि, दिन में मौसम साफ होने की उम्मीद है। धूप निकलने के बाद ठंड से लोगों को राहत मिलेगी। शहर में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

LIVE TV