यूपी निकाय चुनाव के नतीजे आज, लखनऊ को मिलेगी पहली महिला मेयर

निकाय चुनाव के नतीजेलखनऊ। उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। निकाय चुनाव के मतदानों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी। सुबह करीब 8 बजे काउंटिंग शुरू होने के बाद जीतने वाले प्रत्‍याशियों के नाम सामने आने लगेंगे। चुनाव के नतीजे बीजेपी और कांग्रेस के लिए अहम माने जा रहे हैं।

तीन फेज में हुए चुनाव

आपको बता दें कि यूपी निकाय चुनाव तीन चरणों में संपन्‍न हुए हैं। पहले चरण का मतदान 22 नवंबर, दूसरे चरण का 26, नवंबर और तीसरे चरण का 29 नवंबर को हुआ है। मतगणना पूरे प्रदेश में एक साथ शुक्रवार को सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी।

यूपी में इस बार 653 निकायों में 12007 वार्डों में चुनाव हुआ। मेयर की 16 सीटों, पालिका परिषद चेयरमैन की 198 और नगर पंचायत की 438 सीटों पर मतदान हुआ। गिनती को पारदर्शी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरा समेत सुरक्षा बलों की भारी तैनाती हुई है। चुनाव के लिए 36289 बूथ और 11,389 पोलिंग सेंटर बनाए गए थे।

जानकारी के लिए बता दें कि अभी तक 14 नगर निगमों में 11 पर बीजेपी का कब्जा है। इस बार दो नए नगर निगम बनाए गए हैं। एक अयोध्या- फैजाबाद को मिलाकर एक नगर निगम बनाया गया है। वहीं, मथुरा और वृंदावन क्षेत्र को मिलाकर एक नगर निगम क्षेत्र बनाया गया है।

इस हिसाब से 2017 के निकाय चुनाव में कुल 16 नगर निगमों, 198 नगर पालिका और 438 नगर पंचायतों के लिए भी वोट डाले गए हैं। हर बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अगर एग्जिट पोल की मानें तो उत्तर प्रदेश निकाय चुनावों में बीजेपी शानदार जीत हासिल कर सकती है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद यूपी की सत्तारूढ़ बीजेपी निकाय चुनावों में भी दूसरी पार्टियों का सूपड़ा साफ कर सकती है। फिलहाल पूरी दृष्टि शाम तक साफ़ हो जाएगी।

यहां पहली बार महिला मेयर

इस बार के निकाय चुनाव में पहली बार कई सीटों पर महिला मेयर का चुनाव हुआ है। नवाबों का शहर लखनऊ 100 साल में पहली बार किसी महिला को अपना मेयर चुनने जा रहा है।

LIVE TV