कल्याण सिंह के त्रयोदशी संस्कार में 1 लाख लोग करेंगे भोजन, कई दिग्गजों का आना तय

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का त्रयोदशी संस्कार बुधवार (1 सितंबर) को अलीगढ़ के अतरैली के केएमवी इंटर कॉलेज में होना है। जिसमें प्रदेश व केंद्र सरकार के मंत्री, भाजपा और संघ के कई दिग्गजों के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोग शामिल होंगे। इस त्रयोदशी संस्कार में करीब 1 लाख लोग भोजन करेंगे। जिसके लिए 1400 कारीगरों लगाया जाएगा। वहीं, 700 कारीगरों के साथ राजस्थानी बूंदी लड्डू बनाने का काम भी शुरू हो चुका है।

बता दें कि इस त्रयोदशी संस्कार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय व प्रदेश के मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है, इसके लिए गांव पिलखुनी के समीप लोक निर्माण विभाग की ओर से दो हेलीपैड तैयार कराए गए हैं। तमाम दिग्गज कारों से भी पहुंचेंगे, धनीपुर हवाई पट्टी से अतरौली तक रामघाट रोड की सफाई के लिए अतरौली, लोधा, गंगीरी व बिजौली ब्लॉक के सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। वहीं, नगर निगम व नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भी सफाई करने में जुटे हैं।

खबरों की मानें तो कल्याण सिंह के त्रयोदशी संस्कार में अभी तक यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्या का आना तय हो गया है। इसके अलावा अन्य तमाम संगठन के शीर्ष पदाधिकारी व वीवीआईपी के आने का भी इनपुट मिला है। इसी के अनुसार व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।सुरक्षा के लिहाज से कार्यक्रम स्थल पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, इससे चप्पे-चप्पे की हर गतिविधि पर नजर रखी जायेगी। इसका कंट्रोल रूम केएमवी के अलावा अलीगढ़ में भी रहेगा।

LIVE TV