‘चांदनी’ के निधन से बॉलीवुड में अंधेरा, नहीं रहीं श्रीदेवी

मुंबई। बॉलीवुड एक्‍ट्रेस श्रीदेवी ने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। श्रीदेवी का निधन हो गया है। दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ है। उनके निधन की खबर से न केवल बॉलीवुड बल्कि हर कोई सदमे में है।

श्रीदेवी का निधन

श्रीदेवी महज 55 वर्ष की थीं। हाल ही में वह दुबई फैमिली वेडिंग अटेंड करने पहुंची थी। दुबई में मोहित मारवाह और अंतरा मोतीवाला की शादी थी। इस दौरान श्रीदेवी बिल्‍कुल ठीक थीं। उन्‍होंने मोहित की शादी को पूरी तरह एंजॉय किया था। साथ ही नवविवाहित जोड़े और अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर के साथ फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी।

दुबई में श्रीदेवी और पूरे परिवार के साथ उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी मौजूद नहीं थी। जाह्नवी अपनी डेब्‍यू फिल्‍म की शूटिंग के सिलसिले में मुंबई में ही हैं।

बतौर एक्‍ट्रेस श्रीदेवी ने बॉलीवुड को बहुत कुछ दिया है। इंडस्‍ट्री में उनके योगदान को कोई नहीं भूल सकता है। उन्‍होंने हिंदी के अलावा तेलगु, तमिल, कन्नड़ और मलयाली फिल्मों में भी काम किया था।

फिल्‍मों से लंबे ब्रेक के बाद उन्‍होंने 2012 में इंग्लिश-विंग्लिश से कमबैक किया था। उनकी आखिरी फिल्‍म ‘मॉम’ थी। उन्‍हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।

LIVE TV