नाली को लेकर दो पक्षों में विवाद, ईंट पत्थरों के साथ चली गोलियां, एक की मौत

यूपी के सीतापुर (Sitapur)में नाली को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि ईंट पत्थरों के साथ-साथ लाइसेंसी बंदूके भी निकल आई। फायरिंग में छत पर खड़े एक शख्स की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, उसका पुत्र और पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।

महोली कोतवाली इलाके के रोहिल्ला गांव के रहने वाले शशिकांत बाजपेई और ललित कृष्ण त्रिवेदी के बीच काफी समय से नाली का विवाद चला आ रहा है। इसी बात को लेकर आज सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया। देखते ही देखते शशिकांत बाजपेई की तरफ से ईंट पत्थर चलने लगे, जिससे आसपास के रहने वाले लोगों में भगदड़ मच गई। इतना ही नहीं शशिकांत वाजपेई की तरफ से लोगों ने लाइसेंसी असलहों से गोलियां दागना शुरू कर दिया। फायरिंग की घटना में छत पर खड़े विनोद अवस्थी सहित उनका पुत्र आयुष और पोता उद्याश घायल हो गए।

आनन-फानन में परिवार वालों ने ग्रामीणों की मदद से तीनों लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने विनोद अवस्थी को मृत घोषित कर दिया। जबकि, उसके पोते को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, मृतक के बेटे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

नाली विवाद के बाद गांव में हुई हिंसक घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही एसपी आरपी सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए 6 टीमों का गठन किया। शशीकांत बाजपेई की तरफ से संजू अनुराग अंकित सुधीर आदि पर फायरिंग किए जाने का आरोप है। पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

LIVE TV