महाराष्ट्र तट पर पाकिस्तान से आई संदिग्ध नाव दिखने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के तट पर पाकिस्तान से आई संदिग्ध नाव दिखने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रेवदंडा तट के पास एक संदिग्ध नाव, “संभवतः एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव” देखी जाने के बाद पुलिस और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को अपनी तलाशी और जांच तेज कर दी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि नाव को भारतीय नौसेना के रडार पर रविवार रात को रेवदंडा में कोरलाई तट से लगभग दो समुद्री मील दूर देखा गया। अधिकारी ने बताया कि यह “संभवतः एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव थी”, लेकिन नाव को रोके जाने के बाद ही इसकी पहचान और अन्य विवरण पता चल पाएंगे।

अधिकारी ने पहले बताया था कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि नाव रायगढ़ तट पर बहकर आई है। नाव के देखे जाने के बाद रायगढ़ में समुद्र तट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि अलर्ट के बाद रायगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), नौसेना और तटरक्षक बल के जवान रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और तलाश शुरू की।

भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण रात में नाव तक पहुंचने के प्रयास बाधित हुए। अधिकारी ने बताया कि रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक अंचल दलाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ स्थिति पर नजर रखने के लिए तट पर पहुंच गए हैं। अधिकारी ने बताया कि दलाल ने स्वयं एक बजरे के जरिए नाव के पास जाने का प्रयास किया, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और एहतियात के तौर पर जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

LIVE TV