ओमिक्रॉन के खौफ से इस राज्य में लगी धारा 144, नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्यवाही

कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) ने पूरे देश में चिंता बढ़ा दी है। इस वैरिएंट का खतरा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ओमिक्रॉन कुछ राज्यों में दस्तक दे चुका है और इसका दायरा बढ़ता जा रहा है। जिसे देखते हुए राज्य सरकारें भी एक्शन में आ गई है। इसी बीच महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में धारा 144 लागू कर दी है। मुंबई में सामने आए मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने यह कदम उठाया है। यहां पर 11-12 दिसंबर के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही रैली, जुलूस और मोर्चों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। मुबंई सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि आदेश का पालन न होने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के अब तक कुल 17 केस सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को यहां 7 नए मामले सामने आए थे, जिनमें तीन मुंबई और 4 पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका में मिले हैं। मुंबई में मिले संक्रमित मरीजों की उम्र 48, 25 और 37 साल है। ये तीनों नागरिक तंजानिया, यूके और दक्षिण अफ्रीकी देश से लौटकर आए हैं। जबकि पिंपरी चिंचवड में मिले चारों संक्रमित व्यक्ति नाइजीरियन महिला के संपर्क में आये थे।

महाराष्ट्र के साथ ही कुछ अन्य राज्यों में भी ओमिक्रॉन दस्तक दे चुका है। इससे पहले शुक्रवार को गुजरात के जामनगर में ओमिक्रॉन से संक्रमित दो केस मिले थे। यहां पहले संक्रमित आए शख्स की पत्नी और साले की रिपोर्ट भी ओमिक्रॉन पॉजिटिव आई है। यह शख्स जिम्बाब्वे से लौटकर आया था। कुछ दिनों पहले ही इसकी रिपोर्ट ओमिक्रॉन पॉजिटिव आई थी। अब पत्नी और साले के संक्रमित होने से खतरा और बढ़ गया है।

देश की बात करें तो अब तक कोरोना के इस नए वैरिएंट के 32 केस मिल चुके हैं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 17, राजस्थान में 9, गुजरात में 3, दिल्ली में 1 और कर्नाटक में दो केस मिले हैं। राहत की बात ये है कि राजस्थान में सभी 9 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। महाराष्ट्र के पुणे में भी एक मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि कर्नाटक से एक ओमिक्रॉन मरीज के दुबई भागने की खबर है।

LIVE TV