
दिल्ली के सत्य निकेतन में ढही इमारत के मालिक को सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस इमारत के गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी है, पुलिस हिरासत में हरिराम गुप्ता से पूछताछ कर रही है। एक अधिकारी ने बताया, “हरिराम गुप्ता को भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के संबंध में आगे की पूछताछ जारी है। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने हरिराम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। यह नोटिस घटना के लिए कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के प्रयासों के मद्देनजर जारी किया गया था।
पुलिस ने हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, किसी इमारत के रखरखाव में लापरवाही और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के पास स्थित दशकों पुरानी पांच मंजिला इमारत में लड़कों के लिए सशुल्क आवास था। रविवार को दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान इमारत ढह गई। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि सत्य निकेतन भवन ढहने वाली जगह से कुल 12 लोगों को बचाया गया है, जबकि सात लोगों की मौत हो गई है।



