Rishi Kapoor: 90 साल का बूढ़ा या 75 साल का बेटा, हर किरदार को जीवंत किया था अपनी कला से…

हिंदी सिनेमा में एक मशहूर नाम और शख्सियत ऋषि कपूर  को आज हमने खो दिया है. अपनी 67 साल की उम्र में वे कैंसर से जूझ रहे थे. बुधवार को ऋषि कपूर की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी जिसके बाद उन्हें मुंबई के एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था. और आज गुरुवार की सुबह उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली. इस दुख भरी खबर से पूरा बॉलीवुड हिला हुआ है. लेकिन दुनिया उन्हें उनके काम की वजह से हमेशा याद रखेगी. बड़े पर्दे पर अपनी कला से उन्होंने अपने हर किरदार को जीवंत किया था. उन्होंने  अपने अभिनय की शुरुआत बतौर बाल कलाकार राज कपूर की फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से की थी। वह मुख्य अभिनेता के तौर पर पहली बार साल 1973 में आई फिल्म ‘बॉबी’ में नजर आए थे. आइए नज़र डालते हैं उनकी कुछ खास फिल्मों पर…

 

 

फिल्म- लैला मजनू
यह फिल्म साल 1976 में आई थी। इस फिल्म में उन्होंने मजनू का किरदार निभाया था। उनके इस किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस फिल्म में उनके साथ रंजीता कौर मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म लैला मजनू से ऋषि कपूर को खास पहचान मिली।
 

फिल्म- लव आज कल
इस फिल्म में ऋषि कपूर का किरदार काफी अलग था। फिल्म लव आज कल में उन्होंने एक सरदार का किरदार निभाया था। उनके साथ इस फिल्म में अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में थे। फिल्म लव आज कल साल 2009 में रिलीज हुई थी।

 

फिल्म- अग्निपथ
इस फिल्म में ऋषि कपूर ने जो किरदार निभाया था वह उनके यादगार किरदारों में से एक हैं। इस फिल्म में उनके किरदार का नाम का ‘राउफ लाला’ था। फिल्म अग्निपथ साल 2012 में आई थी। इस फिल्म में ऋषि कपूर के साथ अभिनेता ऋतिक रोशन और संजय दत्त मुख्य भूमिका में थे।
 

फिल्म- डी-डे
यह फिल्म साल 2013 में आई थी। इस फिल्म में उन्होंने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का किरदार निभाया था। इस फिल्म में ऋषि कपूर के साथ अभिनेता इरफान खान और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे।
 

फिल्म- कपूर एंड संस
इस फिल्म में ऋषि कपूर ने 90 साल के बुढ़े का किरदार किया था। इस फिल्म में उनके किरदार का नाम ‘अमरजीत’ होता है जिन्हें सब लोग दादाजी कहते हैं। फिल्म कपूर एंड संस में ऋषि कपूर के साथ अभिनेता सिद्धार्थ कपूर, अलिया भट्ट और फवाद खान मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी।

 

फिल्म- 102 नॉट आउट
इस फिल्म में ऋषि कपूर ने लंबे समय बाद अपने पुराने दोस्त और दिग्गज कलाकार अमिताभ बच्चन के साथ काम किया था। फिल्म 102 नॉट आउट साल 2018 में आई थी। इस फिल्म में ऋषि कपूर ने अमिताभ बच्चन के बेटे का किरदार निभाया था, जिसकी उम्र 75 साल होती है। जबकि अमिताभ बच्चन 102 साल के होते हैं।

 

फिल्म- मुल्क
यह फिल्म साल 2018 में आई थी। इस फिल्म में ऋषि कपूर का काफी दमदार अभिनय और किरदार था। फिल्म मुल्क में उन्होंने बनारस के वकील ‘मुराद अली मोहम्मद’ का ऐसा रोल किया था जिसका भतीजा आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होता है। इस फिल्म में ऋषि कपूर के अलावा अभिनेत्री तापसी पन्नू और अभिनेता प्रतीक बब्बर मुख्य भूमिका में थे।

 

LIVE TV