कांग्रेस के सत्याग्रह में प्रियंका गांधी का ज़ोरदार भाषण, “मेरे शहीद पिता का अपमान संसद में किया”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आज महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने एकदिवसीय सत्याग्रह कर रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी के अनुसार, राहुल गांधी के प्रति एकजुटता दिखाते हुए यह ‘संकल्प सत्याग्रह’ सभी राज्यों और जिलों में महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने हो रहा है। यह सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। पार्टी के बड़े नेता और कार्यकर्ता सुबह 10 बजे से सभी राज्यों में जिला और ब्लॉक स्तर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने यहां धारा 144 लागू की थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ता यहां पहुंचे। कार्यक्रम शाम 5 बजे खत्म होगा।

सत्याग्रह के दौरान प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि आज तक हम चुप रहे हैं, आप हमारे परिवार का अपमान करते गए। मेरे भाई ने कहा- मैं आपसे नफरत नहीं करता। हमारी विचारधारा अलग है। मैं पूछना चाहती हूं कि एक आदमी का कितना अपमान करोगे। उन्होंने कहा कि लगा दो केस मुझ पर लेकिन सच ये है कि इस देश का प्रधानमंत्री कायर है।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, ‘मेरे शहीद पिता का अपमान संसद में किया जाता है। शहीद के बेटे का अपमान किया जाता है उन्हें मीर जाफर कहा जाता है। मेरी मां का अपमान किया जाता है। आपके मंत्री कहते हैं कि इनके पिता कौन हैं? आपके प्रधानमंत्री गांधी परिवार के लिए कहते हैं कि ये नेहरू उपनाम का इस्तेमाल क्यों नहीं करते? आप पर तो कोई केस नहीं होता, आपकी सदस्यता रद्द नहीं होती: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।

LIVE TV