बंगाल में भड़की राजनीतिक आग, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर चलाए लाठी-डंडे

पश्चिम बंगाल में कोलकाता के अलावा कई और जिलों में भी भाजपा के कार्यकर्ता जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ममता सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपाई सड़कों पर उतरे हैं। इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प देखने को मिली है।

पश्चिम बंगाल में ममता सरकार के खिलाफ ‘सचिवालय चलो’ का नारा देने वाली भाजपा ने कोलकाता में जोरदार प्रदर्शन किया है। कोलकाता में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा है और पुलिस ने उन्हें सचिवालय जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी है। इसी का विरोध करते हुए भाजपा के कार्यकर्ता उग्र हो गए और अंत में मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया। कार्यकर्ताओं द्वारा बड़ा बाजार थाने में पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले किए जाने की खबर सामने आई है। कई जगह पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच इस तरह झड़प आगे बढ़ गई की दोनों ओर लोग चोटिल हुए, सोशल मीडिया पर मौजूद ऐसे कई वीडियो हैं जिनमें कार्यकर्ता पुलिस पर लाठी चला रहे हैं। इसके जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार छोड़नी पड़ गई। कोलकाता के अलावा भी बंगाल के कई जिलों में भाजपा के कार्यकर्ता जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ममता सरकार में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपाई सड़कों पर उतरे हैं।

पानागढ़ रेलवे स्टेशन पर पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें आंदोलन करने से रोका जा रहा है। भाजपा के नाबन्ना मार्च के लिए निकलने वाले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया है। इस मामले में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने रेलवे स्टेशनों के बाहर भी बैरिकेडिंग कर रखी है ताकि कोलकाता आने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका जा सके। रानीगंज रेलवे स्टेशन के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कुछ जगहों पर पत्थरबाजी भी की है। इस दौरान कई पुलिस वाले घायल हुए हैं।

भाजपा नेता अभिजीत दत्ता ने कहा कि पार्टी के 20 नेताओं को दुर्गापुर रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने रोका है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमें रोक रही है, लेकिन हम अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल करते हुए निकल रहे हैं। इस मामले में तृण मूल कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने पैसे देकर लोगों को कोलकाता बुलाया है और व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। आपको बता दें कि इस झड़प में कई भाजपा कार्यकर्ताओं को भी चोटें आई है।

बंगाल भाजपा का ट्वीट- हमकार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं

इस बीच बंगाल भाजपा ने ट्वीट कर कहा, ‘हम अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं, भाजपा नेतृत्व, कार्यकर्ता हमेशा मौजूद हैं। हत्या से भाजपा का आंदोलन नहीं रुक सकता। भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।’ पुलिस का दावा है कि उसके कुछ लोगों को पत्थरबाजी से चोट भी लगी हैं।

LIVE TV