ओवैसी ने अखिलेश, मायावती पर किया कड़ा प्रहार, बोले- ‘उनकी नासमझी के चलते..’

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी दो बार प्रधानमंत्री अखिलेश एवं मायावती की नासमझी की वजह बने। उन्होंने उत्तर प्रदेश के अपने दौरे के दूसरे दिन बुधवार को विरोधियों के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिसमें उन्हें राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में वोट काटने वाले के रूप में पेश किया गया था।

अयोध्या के रूदौली से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के अभियान की शुरुआत करने के एक दिन बाद ओवैसी सुल्तानपुर जिले के ओदरा गांव में बुधवार को एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राजधानी लखनऊ से लगभग 140 किमी दूर स्थित सुल्तानपुर के बारे में माना जाता है कि इसे भगवान राम के पुत्र कुश ने बनाया। ओवैसी ने कहा, ”कहा जाता है़ ओवैसी लड़ेगा तो वोट काट देगा।” उन्होंने सवाल किया, “सुलतानपुर में आप सबने अखिलेश यादव को झोली भर कर वोट दिया तो सूर्या (सूर्यभान सिंह भाजपा विधायक) कैसे जीते? 2019 में लोकसभा के चुनाव में सुलतानपुर से भाजपा कैसे जीती,तब ओवैसी तो चुनाव नही लड़ रहा था। क्या अखिलेश यादव ने कहा कि हिंदू ने वोट नही किया इसलिए हारे? वह क्यों मुसलमानों को कहते हैं कि उन लोगों ने वोट नही दिया, क्या मुसलमान कैदी है?” ओवैसी ने ये भी कहा, “दो बार भाजपा मुसलमानों के वोटों से नही जीती है़।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “केंद्र ने उत्तर प्रदेश में अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए 116 करोड़ रुपये प्रदान किए थे, लेकिन उन्होंने इसमें से केवल 10 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।” उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “मैंने संसद में इस मुद्दे को उठाया था जबकि अखिलेश ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी थी।” ओवैसी ने मंगलवार को लखनऊ में 2022 में उत्तर प्रदेश में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन के 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने मंगलवार को अयोध्या के रूदौली से अपना अभियान शुरू किया था।

LIVE TV