National Technology day 2022: कब और क्यों मनाया जाता है ये दिवस, जानें इसका इतिहास एवं महत्व

( माही )

National Technology Day 2022: भारत में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस हर साल 11 मई को साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में इंजीनियरों और वैज्ञानिकों की उपलब्धियों को मनाने के लिए मनाया जाता है। इस दिन से जुड़ी घटना ने भारत को दुनिया के सामने टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया हैं। दरअसल आज ही के दिन 11 मई 1998 को भारत ने राजस्थान के पोखरण में अपना पहला परमाणु परीक्षण किया था।

अटल बिहारी बाजपेयी ने इस दिवस को किया घोषित

उस समय के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 11 मई को देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के दिन के रूप में घोषित किया था और 1999 में पहली बार नेशनल टेक्नोलॉजी डे मनाया गया था। तब से, टेक्नोलॉजी डेवपलमेंट बोर्ड वैज्ञानिकों को सम्मान दे रहा है। सफल परीक्षण पूरा करने के बाद, भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत को परमाणु राज्य घोषित किया।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस का इतिहास

11 मई 1998 को भारत ने परमाणु परीक्षण किया था। पोखरण, राजस्थान में कुल 5 परीक्षण हुए थे, जिसमें से तीन 11 मई को किए गए एवं दो 13 मई को किए गए। 11 मई को आयोजित परीक्षण में 5.3 रिक्टर पैमाने पर भूकंपीय कंपन दर्ज करते हुए तीन परमाणु बम विस्फोट किए गए, तभी से भारत में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाने की शुरुआत हुई। इसके बाद अगले साल इसी दिन यानी 11 मई, 1999 को भारत में पहला नेशनल टेक्नॉलजी डे मनाया गया। तब से इसे हर साल इसी दिन सेलिब्रेट किया जाता है।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस का महत्व

आज प्रौद्योगिकी यानि टेक्नोलॉजी की हर क्षेत्र में आवश्यकता है इसका महत्व केवल विज्ञान में ही नहीं बल्कि एक देश को आगे बढ़ाने के हर पहलु पर है। आज प्रत्येक व्यक्ति किसी ना किसी तरह से प्रौद्योगिकी से जुड़ा है. भारत को डिजिटल करने में प्रौद्योगिकी का बढ़ा हाथ है। इस दिवस को मनाने का यह भी उद्देश्य है कि लोग ज्यादा से ज्यादा प्रौद्योगिकी के बारे में जान सकें, उसके प्रति जागरुक हो सकें। आज प्रौद्योगिकी के कारण ही समस्त विश्व एक-दूसरे से जुड़ पाया है। शिक्षा, व्यापार, संचार इत्यादि को आज सरल और संभव प्रौद्योगिकी ने ही बनाया है। भारत अपने इसी विकास को आगे बढ़ाने के लिए और प्रौद्योगिकी के महत्व को दर्शाने के लिए प्रतिवर्ष राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाता है।

National Technology Day 2022 की थीम

National Technology Day की थीम हर साल अलग-अलग होती है। इस साल ‘सस्टेनेबल फ्यूचर के लिए साइंस एंड टेक्नोलॉजी में इंटिग्रेटेड अप्रोच’ की थीम रखी गई है।

LIVE TV