
टूर्नामेंट की शुरुआत में लगातार तीन हार के बाद लगातार जीत हासिल करने पर चेन्नई सुपर किंग्स का आईपीएल 2026 अभियान पटरी पर लौटता नजर आ रहा था। लेकिन अब उन्हें बड़ा झटका लगा है क्योंकि उनके बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पिछले मैच में गेंदबाजी करते समय उन्हें अपने दाहिने कूल्हे में दर्द महसूस हुआ।
आईपीएल के एक सूत्र ने बताया, “यह ग्रेड 2 की चोट है और ठीक होने में कम से कम 10-12 सप्ताह लगेंगे।” बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पांच मैचों में सिर्फ दो विकेट लिए, लेकिन उनकी इकॉनमी 8.67 इस सीजन में सीएसके के सभी गेंदबाजों में दूसरी सबसे अच्छी थी। केकेआर के खिलाफ मुकाबले में उनका प्रदर्शन अब तक का सीजन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना जा रहा था और ऐसा लग रहा था कि वह लय में आ रहे हैं। खलील अहमद पिछले सीजन से ही सीएसके टीम के नियमित खिलाड़ियों में से एक रहे हैं।



