
देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार रात पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए सामान लेकर जा रहे ट्रकों को जानबूझकर रोका है।
17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में यह कार्यक्रम आयोजित होना है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम स्थल की अनुमति पहले मिल चुकी थी, लेकिन बाद में प्रशासन ने अनुमति वापस ले ली और वाहनों को प्रवेश नहीं दिया।
गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार राहुल गांधी के युवाओं और छात्रों से जुड़ाव से घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है।
राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंच रहे हैं। यह दौरा उनकी देशव्यापी मुहिम ‘छात्रों की गूंज’ का हिस्सा है, जिसमें परीक्षा अनियमितताओं, छात्रों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा।




