
उत्तर प्रदेश के कानपुर में मेफेड्रोन ड्रग्स तस्करी मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नेपाल और बहराइच के रास्ते ट्रेनों के जरिए बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की खेप कानपुर लाई जा रही थी।
बीते छह महीनों में करीब 25 करोड़ रुपये कीमत की ड्रग्स शहर पहुंचने की जानकारी मिली है। कानपुर के कर्नलगंज और बाबूपुरवा में बैठे सप्लायर इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे, जहां से कोकीन, मेफेड्रोन, गांजा, चरस और हेरोइन की सप्लाई उत्तर प्रदेश, बिहार, कोलकाता और मुंबई समेत देश के कई बड़े शहरों में की जा रही थी।
उरई में गुलाब जल की आड़ में संचालित मेफेड्रोन ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद फजलगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कर्नलगंज निवासी नजीमुद्दीन, बाबूपुरवा निवासी रिजवान, शाहजहांपुर के हाजिद अली उर्फ साहिल, फर्रुखाबाद निवासी रेहान कुरैशी और रिषभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 750 ग्राम मेफेड्रोन बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। पूछताछ के दौरान ही इस विशाल तस्करी नेटवर्क की परतें खुलीं।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि कर्नलगंज का गम्मू खां का हाता और बाबूपुरवा ड्रग्स सप्लाई का बड़ा केंद्र बन चुका था। गिरोह के सदस्य नेपाल और बहराइच के रास्ते खेप कानपुर लाते थे और फिर ट्रेनों के जरिए दूसरे राज्यों में भेजते थे। पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्कर अलग-अलग राज्यों के बड़े होटलों में ठहरते थे, ताकि उनकी गतिविधियों पर आसानी से शक न हो।
जांच में यह भी सामने आया कि नेटवर्क के सदस्य अरबाज और हसीन, बाबूपुरवा, मछरिया व कर्नलगंज के स्थानीय युवकों को डिलीवरी के काम में लगाते थे। ये युवक बाइक, कार, रोडवेज बस और ट्रेनों से खेप पहुंचाते थे। खास बात यह थी कि डिलीवरी करने वाले युवकों को भी यह नहीं बताया जाता था कि वे कौन-सी ड्रग्स ले जा रहे हैं, ताकि पकड़े जाने पर पूरे नेटवर्क का खुलासा न हो सके।
फिलहाल पुलिस इस सिंडिकेट के कथित सरगना मुंबई के धारावी निवासी खय्यामुद्दीन उर्फ खय्याम सैय्यद की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इसके अलावा अरबाज कट्टा, हसीन बाबू, दानिश और शैलू उर्फ शालू बाबा भी फरार हैं। जांच में पता चला है कि खय्याम 28 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ बाबूपुरवा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था, जिसका यात्रा टिकट पुलिस को गिरफ्तार आरोपी रिजवान के मोबाइल फोन से मिला है।
पुलिस को चार अन्य तस्करों के बारे में भी सुराग मिले हैं, जो 20 से 25 करोड़ रुपये की ड्रग्स लेकर ट्रेन से मुंबई जा रहे थे। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और गुरुवार को इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य पहलुओं का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।



