कर्नाटक चुनाव एग्जिट पोल : न मोदी की लहर, न राहुल की आंधी, त्रिशंकु विधानसभा के आसार

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 222 सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। अब सभी की निगाहें चुनावी परिणाम पर होंगी। कर्नाटक चुनाव के नतीजे 15 मई को आएंगे। लेकिन मतदान खत्म होने के बाद कई एग्जिट पोल सामने आये हैं। इंडिया टूडे-एक्सिस के एग्जिट पोल में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है।

कर्नाटक चुनाव एग्जिट पोल

आज तक-एक्सिस पोल के मुताबिक कांग्रेस प्रदेश में दोबारा सत्ता में आने की संभावना दिख रही है। इस सर्वे में कांग्रेस को सबसे ज्यादा 106 से 118 सीटें दी गई हैं, वहीं दूसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी के खाते में 79 से 92 सीटें आने का अनुमान है। जेडीएस गठबंधन इस सर्वे में भी तीसरे नंबर पर दिख रहा है। जेडीएस के खाते में 22 से 30 सीटें जा सकती हैं।

एबीपी-सीवोटर के सर्वे के मुताबिक बीजेपी कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा सीटें हासिल करेगी। इस सर्वे ने भाजपा को 97 से 109 सीटें दी हैं, वहीं कांग्रेस के हिस्से में 87 से 99 सीटें जाती दिख रही हैं। जेडीएस के खाते में 21 से 30 सीटें जाने की संभावना है।

इंडिया टीवी-वीएमआर के सर्वे में भाजपा को 87, कांग्रेस को 97, जेडीएस को 35 और अन्य को तीन सीटें मिलने की बात कही गई हैं।

रिपब्लिक-जन की बात सर्वे में भाजपा को 95-114, कांग्रेस को 73-82, जेडीएस को 32-43 और अन्य को दो-तीन सीटें मिलती दिख रही हैं।

टाइम्स नाउ-वीएमआर के सर्वे में भाजपा को 80-93, कांग्रेस को 90-103 सीटें, जेडीएस को 31-39 सीटें और अन्य को दो-चार सीटें मिलती दिख रही हैं।

न्यूज एक्स-सीएनएक्स के सर्वे में भाजपा को 102-110 सीटें, कांग्रेस को 72-78 सीटें, जेडीएस को 35-39 सीटें और अन्य को तीन-पांच सीटें मिलने की बात कही गई है।

बीजेपी ने एग्जिट पोल पर कहा कि हमने कभी पोल का बुरा नहीं कहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि अनुमान के मुताबिक कर्नाटक में अन्य पोल कांटे की टक्कर बता रहे हैं। वहीँ कांग्रेस का कहना है कि चुनावों को लेकर आये एग्जिट पोल से पार्टी संतुष्ट है लेकिन कांग्रेस पार्टी को 130-140 तक सीटें हासिल होंगी।

वहीँ जेडीएस का कहना है कि एग्जिट पोल के नतीजों को उनकी पार्टी गलत साबित करेगी। उनका कहना है कि जेडीएस 60 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी।

बता दें कि 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 40, कांग्रेस को 122, जेडीएस को 40 और अन्य के खाते में 22 सीटें आई थीं।

LIVE TV