Kangana shiv sena row: शिवसेना ने इशारों-इशारों में दी कंगना को चेतावनी

नई दिल्ली। कंगना रनौत और शिवसेना के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। जहां कंगना लगातार ट्विटर के जरिए शिवसेना पर निशाने साध रही हैं, तो वहीं शिवसेना भी लगातार अपने मुखपत्र सामना के जरिए कंगना पर हल्ला बोल रही है। सामना में कंगना को लेकर खबरें छप रही हैं।

सामना में शिवसेना ने संपादकीय के जरिए अभिनेत्री कंगना रनौत पर बिना उनका नाम लिए निशाना साधा है। संपादकीय में लिखा गया, “मुंबई पाक अधिकृत कश्मीर है कि नहीं, यह विवाद जिसने पैदा किया है, उसी को मुबारक।” इसके अलावा इस संपादकीय में आगे लिखा गया, “परिवारवाद का वर्चस्व है ही ऐसा, उस समय भी था, कपूर, रोशन, दत्त, शान्ताराम जैसे खानदान से अगली पीढ़ी आई है लेकिंन जिन लोगों ने अच्छा काम किया, वह टिके।”

आगे लिखा गया, “राजेश खन्ना किसी घराने के नहीं थे, जितेंद्र और धर्मेंद्र भी नहीं थे। मुंबई को बनाने और सवारने में योगदान दिया। पानी में रहकर मगरमच्छ से बैर नहीं किया या खुद कांच के घर में रहकर दुसरों के घर पर पत्थर नहीं फेका। जिन्होंने फेका, उन्हें मुंबई का श्राप लगा। मुंबई को कम आंकना, खुद ही खुद के लिए गड्ढा खोदने जैसा है। अगर किसी को ऐसा लग रहा होगा कि उस चिंगारी पर राख जम गई है, तो वह एक बार फूंक मार कर देखें।”

बता दें कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कंगना रनौत लगातार इस मामले में अपनी बात रख रही हैं। इस दौरान कंगना महाराष्ट्र सरकार को लेकर भी किए गए। इसी के चलते शिवसेना ने भी कंगना पर पलटवार किया। हालत यहां तक आ गई कि, कंगना द्वारा मुंबई को असुरक्षित बताए जाने के बाद से शिवसेना और उनके बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

LIVE TV