
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज और शुक्रवार को राजधानी में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार तक घने से बहुत घने कोहरे की परत छाई रही। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, शहर में न्यूनतम तापमान बढ़कर नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने और बर्फ से ढके पहाड़ों से आने वाली ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण आगामी दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में फिर से शीतलहर चलने का अनुमान है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में पांच जनवरी से नौ जनवरी तक भीषण शीतलहर देखी गई, जो एक दशक में महीने में दूसरी सबसे लंबी अवधि है। आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस महीने अब तक 50 घंटे से अधिक घना कोहरा दर्ज किया गया है, जो 2019 के बाद सबसे अधिक है। मौसम विभाग ने शिमला की मध्य और ऊंची पहाड़ियों में ताजा हिमपात की भविष्यवाणी की है। स्थानीय मौसम कार्यालय ने शिमला शहर में हिमपात की भविष्यवाणी के अलावा, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को मध्य और ऊंची पहाड़ियों में हल्की से मध्यम हिमपात और निचली पहाड़ियों में बारिश का अनुमान लगाया है।