एशियाई खेलों में भारत ने दर्ज की अपनी सबसे बड़ी जीत

जकार्ता। भारतीय पुरुष हाकी टीम ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों में बुधवार को अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में हांगकांग को 26-0 से हराकर इन खेलों की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद भारत के छह अंक हो गए हैं और वह ग्रुप ए में भी शीर्ष पर काबिज है। भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 के भारी अंतर से मात दी थी।

एशियाई खेलों

मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, “इस जीत का अंतर बड़ा है लेकिन मैं समझता हूं कि हमने हाफ टाइम के बाद अपनी रफ्तार धीमी कर ली। अगर हम पहले हाफ जैसी तेजी को बरकरार रखते तो हम अधिक गोल कर सकते थे। हमें अगले दो मैचों में अपनी लय बरकरार रखनी है क्योंकि दोनों टीम बेहतरीन काउंटर अटैक करके भारत के आक्रमण का जवाब देगी, हमारी डिफेंस को सचेत रहना होगा। हमें शानदार खेल दिखाते हुए ग्रुप ए में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना होगा।”

हांगकांग के खिलाफ भारत ने तेज शुरुआत की और फारवर्ड खिलाड़ी आकाशदीप ने दो मिनट अंदर ही पहला गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी। एक मिनट बाद मनप्रीत सिंह ने भारत के लिए दूसरा गोल किया।

यह भी पढ़ेंःसिंधु ने फिर बढ़ाया देश का मान, इस लिस्ट में टॉप -10 में हुईं शामिल

शानदार शरुआत के बाद भारत ने तेज हाकी खेलना जारी रखा और पहले क्वार्टर में चार गोल और किए। रुपिंदर पाल सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के माध्यम से दो और एस.वी सुनील एवं विवेक सागर ने एक-एक गोल दागा।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल दिखाते हुए कुल आठ गोल दागे। मंदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने दो-दो जबकि मनप्रीत, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और वरुण कुमार ने एक-एक गोल किया।

भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में भी गोल करना जारी रखा और कुल 12 गोल दागे।

यह भी पढ़ेंःविराट के शेरों ने इंग्लैंड को धोया, भारत ने इंग्लैंड को 203 रनों से दी मात

स्टार डिफेंडर हरमनप्रीत ने तीन और आकाशदीप, ललित एवं रुपिंदर ने दो-दो गोल दागे। इनके अलावा, दलप्रीत सिंह, चिंगलिंगसाना सिंह और सिमरनजीत सिंह ने एक-एक गोल किया। भारत ने इस टूर्नामेंट में अबतक 43 गोल दागे हैं।

भारत का अगला मुकाबला शुक्रवार को जापान से होगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में मौजूदा चैम्पियन के रूप में खेल रही है।

LIVE TV