
सोमवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भविष्यवाणी की है कि भारी बारिश, गरज और बिजली के साथ, दिन भर जारी रहेगी, खासकर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली में भी बिजली गिरने के साथ वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की संभावना है।
प्रशाशन ने लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, लोगों से पेड़ों के नीचे शरण न लेने और जल स्रोतों के पास जाने से बचने के लिए कहा गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एक एडवाइजरी जारी की है और लोगों से “धैर्य रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के साथ सहयोग करने” का अनुरोध किया है। यह लगातार तीसरा दिन है जब दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश हो रही है। सोमवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में, सफदरजंग में 3.4 मिमी बारिश हुई, जबकि पालम में 10.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, लोधी रोड पर इसी अवधि में 2.7 मिमी बारिश हुई।


