यूपी में 2 वर्षो में दिखेगी गुजरात मॉडल की झलक : सतीश महाना

गुजरात मॉडललखनऊ। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि पिछले 15 वर्षो में उप्र में उद्योगों का विकास नहीं हुआ है, बल्कि केवल रियल स्टेट का विकास हुआ है। पिछले छह महीने के दौरान नई सरकार ने इस अविश्वास के माहौल को दूर कर विश्वास का माहौल बनाने में सफलता पाई है।

उन्होंने कहा कि हम दावे के साथ कह सकते हैं कि अगले दो वर्षो के भीतर उप्र में गुजरात की तर्ज पर विकास की एक झलक दिखाई देगी। सतीश महाना ने को दिए साक्षात्कार के दौरान यह बातें कही। गुजरात के दौरे से हाल ही में लौटे कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने अपने अनुभव साझा किए।

उन्होंने कहा कि उप्र में निवेश लाने के लिए उद्योगपतियों को यहां सुरक्षा का माहौल देना पहली चुनौती है। महाना ने कहा, “गुजरात के दौरे में काफी कुछ सीखने को मिला। उद्योगपतियों के मन में ज्यादा चिंता यहां के हालात को लेकर था।

लेकिन हमने उन्हें आश्वस्त किया है कि नई सरकार के गठन के बाद परिस्थतियां बदल चुकी हैं। सरकार उप्र में निवेश के लिए उन्हें एक बेहतर माहौल उपलब्ध कराएगी।”

उप्र के उद्योग मंत्री ने कहा, “पिछले 15 वर्षो में यहां के उद्योगों का विकास नहीं हुआ, बल्कि यहां रियल स्टेट का सम्राज्य खड़ा किया गया है। इसीलिए उद्योगों की हालत बदतर हो चुकी है। सरकार का प्रयास है कि उप्र में मृतप्राय उद्योगों को नए सिरे से खड़ा किया जाए और इसमें कम से कम दो वर्ष का समय लगेगा।”

उन्होंने कहा, “हमने गुजरात के उद्योगों और वहां की नीतियों को समझा है। इसके बाद हम महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में जाने और वहां की औद्योगिक नीतियों को समझने का प्रयास करेंगे। गुजरात की करीब तीन करोड़ जनता मिलकर वहां का विकास कर सकती है तो उप्र की 22 करोड़ जनता यहां का विकास क्यों नहीं कर सकती।”

महाना ने कहा, “गुजरात के उद्योगपति उप्र में फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल्स और आईटी इंडस्ट्री में उतरना चाहते हैं। वह यहां आने को काफी उत्सुक हैं। हमने उन्हें आमंत्रित किया है कि आप आइए और उप्र में निवेश करिए। इसमें उप्र सरकार आपको हर संभव मदद करेगी।”

कैबिनेट मंत्री ने कहा, “पूर्वाचल और बुंदेलखंड में उद्योग लगाने वालों को सरकार ने खासतौर पर इनसेंटिव देने का ऐलान पहले ही किया है। सरकार उद्योग लगाने के लिए पूरी सहूलियत देने का काम करेगी। पहले की सरकारों ने ऐसा नहीं किया। विदेश से आने वाले उद्योगपति महाराष्ट्र और गुजरात में जाकर निवेश करते हैं, लेकिन पिछली सरकारें उन्हें उप्र लाने में सफल नहीं हुई, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।”

कैबिनेट मंत्री से यह पूछे जाने पर कि सरकार के लिए निकाय चुनाव कितनी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा, “सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान छेड़ा है। हम कह सकते हैं कि पिछले छह महीने में सरकार ने जनता के बीच पैदा अविश्वास को विश्वास में बदलने का काम किया है। यही हमारी सबसे बड़ी सफलता है।”

महाना से यह पूछे जाने पर कि सरकार के अपने ही विधायक और सांसद उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं, इस पर उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी एक है। कहीं कोई मतभेद और नाराजगी जैसी बात नहीं है। सबको अपनी बात कहने का अधिकार है।

ताजमहल को लेकर भाजपा विधायक संगीत सोम द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर महाना ने कहा कि ताजमहल को लेकर विवाद करना उचित नहीं है। सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा और उनका संरक्षण होना चाहिए।

वरिष्ट पत्रकार विनोद वर्मा हुए अरेस्ट, सीडी से नजर आई आपत्तिजनक अवस्था

शेयर बाजार में दिखा मिला-जुला रुख, 55.20 अंकों की मजबूती से खुला बाजार

LIVE TV