मोदी और शाह के 150 सीट वाले दावे को स्वामी ने बताया ‘मज़ाक’

गुजरातगांधीनगर। गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में आज नतीजों का दिन है। मतगणना जारी है। शुरूआती रुझानों में भाजपा को दोनों ही जगहों पर बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। साथ ही ये भी लगभग तय हो चुका है कि भारतीय जनता पार्टी इन दोनों ही जगहों पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। नतीजों को देखते हुए दोनों पार्टियों के बड़े नेताओं ने अपनी बयान बाजी भी शुरू कर दी है।

जीत के जश्न में डूबी भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने 150 सीट जितने की बात कही थी मगर वो महज एक मज़ाक था। हम जैसे लोग जो जमीन पर घूमते हैं, उन्होंने 105 सीटें जीतने की बात कही थी।

RESULT LIVE : रुझानोंं में पीछे रहे सीएम रूपाणी ने मारी बाजी

जानकारी के लिए बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और पीएम मोदी ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 150 सीटों पर कब्जा जमाने का दावा किया था। हालांकि आज जब मतों की गिनती की जा रही है तब ये दावे फेल होते नजर आ रहे हैं। क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए भाजपा को कड़ी टक्कर दी है।

गुजरात में कांग्रेस के चुनाव प्रभारी अशोक गहलोत ने कहा कि, ‘कांग्रेस पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव की विजेता है, फिर चाहे वह राज्य में भाजपा को हराने में कामयाब नहीं भी रहे’। गहलोत ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावात्मक मुद्दों पर चुनाव लड़ा। मोदी ने मतदाताओं से कहा कि वह गुजरात के बेटे हैं। उनकी प्रतिष्ठा दांव पर है।”

गुजरात और हिमाचल में मुंह की खाने के बाद कांग्रेस का क्या होगा?

उन्होंने संवाददाताओं को बताया, “लेकिन कांग्रेस ने वास्तविक चुनाव अभियान किया और किसानों, दलितों, जनजातियों और व्यापारियों से संबंधित मुद्दों पर बात की। हमने लोगों से बात करने के बाद गुजरात के लोगों के लिए अपने घोषणापत्र को औपचारिक रूप दिया।”

यह पूछे जाने पर कि क्या गुजरात में जीत या हार का श्रेय पार्टी के नए अध्यक्ष राहुल गांधी को दिया जाएगा? इसके जवाब में गहलोत ने कहा कि यह काल्पनिक सवाल है।

उन्होंने कहा, “काल्पनिक बाते नहीं करें। जो भी चुनाव परिणाम होंगे, कांग्रेस और राहुल गांधी ही असली विजेता हैं।”

LIVE TV