
जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव दहेलिया पूठ में एक महिला द्वारा रची गई सनसनीखेज साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। साधना मिश्रा नाम की महिला ने गांव के प्रधान से अपनी रंजिश का बदला लेने के लिए खुद को गोली मारवाकर अपहरण का नाटक रचा था।
पुलिस की गहन जांच में खुलासा हुआ कि महिला ने ग्राम प्रधान को संगीन मामले में फंसाने और जेल भिजवाने के मकसद से अपने तीन साथियों के साथ मिलकर यह पूरी खूनी साजिश तैयार की थी। उसने शूटरों को मोटी रकम देकर अपने ऊपर गोली चलवाई और खुद को पीड़ित बताकर मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक जांच, मेडिकल रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर साजिश उजागर की। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य महिला और अन्य शूटरों की तलाश जारी है।


