विजय दशमी पर भारत से लेकर अमेरिका तक होगा सुंदरकांड, 25 लाख परिवार होंगे शामिल

राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ(आरएसएस) के अनुषांगिक संगठन एकल अभियान की ओर से विजयदशमी के दिन भारत से लेकर अमेरिका तक एक विशेष आयोजन किया जा रहा है। इस दिन सुंदर कांड पाठ का आयोजन होगा जिसमें तकरीबन 25 लाख परिवार शामिल होंगे। न्यूजीलैंड, कनाडा, हांगकांग, लीबिया, इंग्लैंड समेत कई देशों में रहने वाले एकल अभियान से जुड़े लोगों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है।

यह सभी लोग अपने घरों में सुंदरकांड का पाठ करेंगे। इस पाठ के लिए सुबह 6 बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसको लेकर झारखंड की राजधानी रांची के आरोग्य भवन में मुख्य कार्यक्रम होगा। यहीं से देश-विदेश में ऑनलाइन के विभिन्न माध्यमों से इसका प्रसारण होगा।

इस उपलब्धि को गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए संबंधित प्राधिकार से भी संपर्क साधा जा रहा है। दरअसल इस कार्यक्रम के जरिए आने वाली पीढ़ी को संस्कारित करने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे बच्चे अपनी आगामी सभ्यता और संस्कृति के बारे में जानें।
सबरी बस्तियों पर विशेष ध्यान

एकल अभियान से काफी समय से जुड़े डॉ. वीरेंद्र ने बताया इस कार्यक्रम के जरिए सबरी बस्तियों को जोड़ने का काम किया जा रहा है। जिससे उन्हें जागरुक किया जा सके। यह आयोजन उस बस्ती में भी किया जाएगा। इसको लेकर व्यापक स्तर पर जागरुकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

LIVE TV